कुशीनगर , फरवरी 8 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शनिवार देर रात हाईवे पर ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हाटा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब दस बजे हाटा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर एक मैरेज हॉल के सामने हुआ। कार में सवार सात युवक वार्ड नंबर चार, अहिरौली तुलादास में एक पार्टी से लौट रहे थे। दुर्घटना में हरी (23) निवासी अहिरौली तुलादास, नितीश (20) निवासी पिपरा कपूर तथा अमन (26) निवासी अहिरौली तुलादास की मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों में सूरज वर्मा (22), शैलेश वर्मा (18), मुकेश वर्मा (19) और विकास वर्मा (26) शामिल हैं। हाटा कोतवाली के प्रभारी संजय दूबे ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित