धार , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की धरमपुरी तहसील के धामनोद क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक अज्ञात युवक को चोर समझकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करना कबूल किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गुलझरी में खेत पर 35 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव नग्न अवस्था में संदिग्ध हालात में मिला था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सीएसपी सुजावल जग्गा और थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक को मृतक को बाइक पर ले जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने सावन पटेल (22) निवासी नाईसेरी बस स्टैंड और कृष्णा स्वामी (19) निवासी मंगल नगर लालवाड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिस पर उन्होंने 31 दिसंबर की रात घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मृतक को बाइक चोर समझा और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर गुलझरी गांव के पास ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को नग्न अवस्था में छोड़ दिया और फरार हो गए।
मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे, उपनिरीक्षक जयकिशन रायकवार, राहुल चौहान और आरक्षक मनीष राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित