बैतूल , फरवरी 03 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 14 गोवंश से भरी एक पिकअप को आज तड़के बैतूल पुलिस और हिंदू संगठनों ने पकड़ लिया।
आरोपियों ने पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार में वाहन भगाया और चिखलीकला टोल नाका भी तोड़ दिया। करीब 72 किलोमीटर तक पीछा चला, जिसके बाद वाहन पकड़ में आया।
बजरंग सेना को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप में गोवंश भरकर महाराष्ट्र के कत्लखानों की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने छिंदवाड़ा जिले से वाहन का पीछा शुरू किया और पुलिस कंट्रोल रूम को भी जानकारी दी। इसके बाद राष्ट्रीय हिंदू सेना और मुलताई पुलिस ने संयुक्त रूप से वाहन को रोकने के लिए घेराबंदी की।
हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर चिखलीकला टोल नाका तोड़ते हुए भाग निकले, लेकिन मुलताई के पास पुलिस ने पिकअप को रोक लिया।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पकड़ी गई पिकअप को पीले तिरपाल से ढका गया था। उसमें 14 गोवंश रस्सियों से बांधकर एक-दूसरे के ऊपर अमानवीय तरीके से लादे गए थे। जानवर भूखे-प्यासे और बुरी हालत में थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित