पटना , दिसंबर 22 -- बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति ने सोमवार को राज्य के सरकारी अस्पतालों में मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुये राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वीकृत और रिक्त विभिन्न पदों के विरूद्ध मिशन मोड में संविदागत नियोजन किया जा रहा है।
इसी प्रक्रिया में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रतीक्षा सूची में शामिल 70 अभ्यर्थियों को चिकित्सा पदाधिकारी- अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य के संविदागत पदों पर चयनित कर पदस्थापित किया गया है।
इन 70 चिकित्सा पदाधिकारियों को राज्य के 26 जिलों में तैनात किया गया है, जिनमें अररिया, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भोजपुर, बक्सर, पूर्वी चम्पारण, गया, कैमूर, कटिहार, खगड़िया, लखीसराय, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, रोहतास, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, सिवान, सुपौल, वैशाली और पश्चिमी चंपारण शामिल हैं।
चिकित्सा पदाधिकारियों की इस नियुक्ति से इन जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार होगा और आमजन को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधायें अधिक सहज और प्रभावी ढंग से उपलब्ध होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित