लखनऊ , जनवरी 20 -- हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने बीती रात्रि सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान करिया लोना पुत्र रत्तीलाल निवासी शाहपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी थाना कोतवाली जलालपुर, अंबेडकरनगर में धारा 307 के तहत मामले में वांछित था, जिस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि इनामी अपराधी सुलतानपुर क्षेत्र में मौजूद है। इस पर एसटीएफ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की गई। गिरफ्तारी ग्राम बेलवइया/बेलवइसराय (लम्भुआ क्षेत्र), थाना लम्भुआ, जनपद सुलतानपुर से बीती रात्रि 23:45 बजे की गई। कार्रवाई एसटीएफ फील्ड इकाई अयोध्या की टीम द्वारा की गई, जिसका नेतृत्व वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उपनिरीक्षक के नेतृत्व में किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित