लखनऊ , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गौ-तस्करी के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश पृथ्वीपाल सरोज को गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने सोमवार को प्रतापगढ़ जिले के कन्धई थाना क्षेत्र स्थित दीवानगंज बाजार के पास ग्राम नेवादा जाने वाली सड़क से आरोपी को गिरफ्तार किया।

एसटीएफ के अनुसार, पृथ्वीपाल सरोज चन्दौली में में गोवध निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने किसी रिश्तेदार से मिलने ग्राम नेवादा आने वाला है। इस सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बैंक से फाइनेंस कर एक डीसीएम वाहन खरीदा था, जिसे बाद में बिहार निवासी संदीप शर्मा को किराये पर चलाने के लिए दे दिया गया था। संदीप शर्मा एक सक्रिय गौ-तस्करी गिरोह से जुड़ा है, जो इटावा और प्रयागराज के जंगलों से गोवंशीय पशुओं को लोड कर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल तक सप्लाई करता था। वर्ष 2025 में चन्दौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को पकड़ा था, जिसमें पृथ्वीपाल सरोज की संलिप्तता सामने आई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित