इटावा , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले की ताखा तहसील के रतहरी गांव में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर 38 लोगों को मृत दर्शाए जाने के विरोध में प्रभावित ग्रामीणों ने तहसील परिसर में धरना दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव आयोग की सूची में लापरवाही के चलते 38 जीवित मतदाताओं के नाम मृतकों की श्रेणी में दर्ज कर उनके वोट काट दिए गए। इससे आक्रोशित सभी प्रभावित लोग स्वयं को जीवित साबित करने के लिए तहसील परिसर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। सूचना पर ताखा की उपजिलाधिकारी (एसडीएम) श्वेता मिश्रा मौके पर पहुंचीं और उन्होंने आश्वासन दिया कि बिना जांच-पड़ताल किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

स्थानीय लोगों ने यह भी मांग की कि जिन व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से फार्म-7 भरकर नाम कटवाने की कार्रवाई की गई है, उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाए। धरने की सूचना पर समाजवादी पार्टी के कुछ नेता एवं जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित मतदाताओं के समर्थन में अपनी बात रखी। धरने में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि मतदान उनका संवैधानिक अधिकार है और बिना सूचना नाम काटे जाना गंभीर त्रुटि है। उन्होंने सभी प्रभावित मतदाताओं के नाम पुनः सूची में जोड़े जाने की मांग की।

प्रशासन ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित