नयी दिल्ली , फरवरी 25 -- आठ ऑयल एवं गैस सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (पीएसयू) सहित ओएनजीसी के लगभग 300 पैरा-एथलीट 26 फरवरी 2026 से नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होने वाले ओएनजीसी के 7वें पैरा गेम्स में भाग लेंगे।

प्रतिभागी पीएसयू में बीपीसीएल, ईआईएल, गेल, एचपीसीएल, आईओसीएल, एमआरपीएल, ऑयल तथा ओएनजीसी शामिल हैं। प्रतिभागियों में विभिन्न संगठनों से पुरुष एवं महिला पैरा-एथलीट शामिल होंगे।

इन खेलों में एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, तैराकी एवं व्हीलचेयर रेस जैसी विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

श्रवण एवं वाक् दिव्यांगता, ऊपरी एवं निचले अंगों की दिव्यांगता, दृष्टिबाधिता (लो विजन एवं नो विजन) तथा व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं सहित विभिन्न दिव्यांगता श्रेणियों के खिलाड़ी इन खेलों में भाग लेंगे।

उल्लेखनीय है कि जुम्मन्ना वाडागेरी (पैरा थ्रोबॉल), अरुणकुमार एस मक्कलागेरी (पैरा थ्रोबॉल), सन्नामरेशा (पैरा क्रिकेट एवं एथलेटिक्स), मंतु कुमार (बैडमिंटन), ऋद्धि ठक्कर (बैडमिंटन), अमन टिपु चौहान (एथलेटिक्स), दिलबाग (तैराकी), राहुल गुप्ता (टेबल टेनिस / वॉलीबॉल) तथा प्रदीप चाहल (क्रिकेट एवं एथलेटिक्स) जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पैरा-एथलीट भी खेलों के दौरान उपस्थित रहेंगे।

वर्तमान संस्करण में ओएनजीसी का प्रतिनिधित्व 170 कर्मचारी-एथलीट करेंगे।

ओएनजीसी पैरा गेम्स के पिछले संस्करण में आठ पीएसयू से 300 से अधिक पैरा-एथलीटों ने भाग लिया था।

इन खेलों का उद्घाटन समारोह 26 फरवरी 2026 को त्यागराज स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित