शाहजहांपुर , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले की तिलहर थाना पुलिस ने भाजपा नेता पर हमले के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने सोमवार को बताया कि 18 दिसंबर 2025 को तिलहर थाना क्षेत्र के नगरिया मोड़ स्थित ब्रदर इन होटल पर भाजपा नेता पंकज सिंह पर कुछ हमलावरों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।
उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय कदम घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे मुंबई से गिरफ्तार किया। वहां की अदालत से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को शाहजहांपुर लाया गया, जहां अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित