हरिद्वार, फ़रवरी 03 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को ज़मीन पर उतारने के लिए एसएसपी हरिद्वार के सख़्त निर्देशों के क्रम में हरिद्वार पुलिस का नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। इसी क्रम में एएनटीएफ टीम एवं थाना बहादराबाद पुलिस को सोमवार बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थानाध्यक्ष बहादराबाद के नेतृत्व में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान नहर पटरी, रानीपुर झाल के पास पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी करते हुए एक अभियुक्त को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से कुल 23 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव कुमार पुत्र स्व. अमर सिंह, निवासी ग्राम शेखपुरा कुमारगढ़, थाना कनखल, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के पास से लीजेसिक 16एमजी/जीएम के 08 इंजेक्शन तथा फिनेरीमाइन मेलेट के 15 इंजेक्शन (वाणिज्य मात्रा) के साथ एक स्कूटी भी बरामद की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बड़े ड्रग्स पैडलरों के नामों का खुलासा किया है। SSP हरिद्वार के निर्देश पर नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें तेज़ कर दी गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित