वाराणसी , मार्च 22 -- काशी की गलियों और सड़कों पर बेतरतीब खुदाई को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। पीडब्ल्यूडी, गेल, बिजली, केबल या कोई अन्य विभाग बिना अनुमति सड़क खोदता है, तो उसके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में रविवार को मैदागिन स्थित टाउनहाल भवन में आयोजित सदन की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2262.42 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट को मंजूरी मिल गई। यह बजट शहर के बुनियादी ढांचे को नई ऊँचाई देने वाला है। इसमें नगर निगम का 1949.40 करोड़ तथा जलकल विभाग का 313.02 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट शामिल है।

शहर की सूरत बदलने और जनता को बेहतर सुविधाएँ देने के लिए इस बार कई प्रमुख मदों में बजट राशि में काफी वृद्धि की गई है। विकास कार्यों की गति तेज करने के लिए निगम ने राजस्व और विकास खर्चों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है, जिसका सीधा असर आम नागरिक के जीवन पर पड़ेगा।

बजट में आम नागरिकों से जुड़ी सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। जनता की सीधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई मदों में पिछले साल की तुलना में बड़ी वृद्धि की गई है। शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा उठान और यूजर चार्जेस मद में 66.17 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है, ताकि सफाई व्यवस्था में आधुनिक मशीनरी का उपयोग बढ़ाया जा सके।

शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलकल मद में 313.02 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें नए नलकूपों और सीवर लाइनों के बिछाने पर विशेष जोर है। इसी प्रकार शहर के पार्कों और हरियाली को संवारने के लिए बजट में विशेष बढ़ोतरी की गई है, ताकि नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके। अंधेरी गलियों को रोशन करने के लिए विद्युत एवं ऊर्जा मद में 21 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित