जालौन , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आम नागरिकों को न्यायिक सहायता एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 फरवरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में अपर जिला जज प्रथम एवं नोडल अधिकारी सतीश चन्द्र द्विवेदी ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य गरीब, वंचित, महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों तक निःशुल्क विधिक सेवाएं पहुंचाना है। शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श, विभिन्न विवादों के समाधान, लोक अदालत संबंधी जानकारी तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित करने की भी व्यवस्था रहेगी।

द्विवेदी ने कहा कि माननीय जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजनाओं से वंचित न रहे। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर नागरिकों को एक ही स्थान पर सेवाएं उपलब्ध कराएं।

प्रेस कांफ्रेंस में सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी प्रथम, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित