पटना , अक्टूबर 23 -- ोक आस्था के महापर्व छठ और लोकतंत्र के महापर्व मतदान को एक सूत्र में जोड़ते हुए पटना नगर निगम ने गुरुवार को जेपी सेतु घाट (घाट संख्या -93) पर भव्य दीपोत्सव एवं गंगा आरती का आयोजन किया। इस अवसर पर घाट को 21 हज़ार दीपों की श्रृंखला से सजाया गया, जिसने पूरे परिसर को अद्भुत प्रकाशमय एवं आध्यात्मिक बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग अभय कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, उप विकास आयुक्त समीर सौरभ तथा अपर नगर आयुक्त पटना नगर निगम सहित नगर निगम के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सचिव अभय कुमार सिंह ने दीपोत्सव कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि"छठ केवल लोक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक एकता का उत्सव है। इसी प्रकार लोकतंत्र का पर्व मतदान नागरिक कर्तव्य और जिम्मेदारी का प्रतीक है। नगर निगम द्वारा दोनों पर्वों को जोड़ते हुए स्वच्छता एवं मतदाता जागरूकता का संदेश देना अत्यंत सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ घाट, स्वच्छ शहर और सक्रिय मतदाता,ये तीनों किसी सशक्त समाज की पहचान हैं। छठ घाटों पर स्वच्छता और व्यवस्था बनाये रखने में निगमकर्मी, नागरिक एवं स्वयंसेवक एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं, जो सराहनीय है।

प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने इस अवसर पर कहा कि नगर निगम द्वारा दीपोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता, जन-जागरूकता और लोक सहभागिता का जो संदेश दिया जा रहा है, वह अत्यंत प्रभावी और प्रेरणादायक है ।

कार्यक्रम के दौरान घाट पर रंगोली और दीपों से भव्य सजावट की गई थी। वैदिक मंत्रोच्चारण और "हर हर गंगे" के जयकारों के बीच उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

दीपों की ज्योति ने न केवल घाट को आलोकित किया बल्कि स्वच्छता सर्वोपरि" और "मतदान करें, देश गढ़ें"* का सशक्त संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता गीत की विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मतदान के महत्व से अवगत कराया। गीतों के माध्यम से संदेश दिया गया कि प्रत्येक मत लोकतंत्र की ताकत है और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ही लोकतंत्र की आधारशिला है।

दीपोत्सव कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारीगण, कर्मचारी, स्वयंसेवक एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

नगर निगम द्वारा दीपोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत शहर के विभिन्न घाटों पर इसी प्रकार के सांस्कृतिक एवं स्वच्छता-प्रेरक आयोजन किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित