लखनऊ , जनवरी 24 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश दिवस के मौके पर शनिवार को कहा कि आज यह संकल्प लेने का दिन है कि वर्ष 2047 तक घनी आबादी वाला यह प्रदेश एक विकसित राज्य बनकर देश को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि वह देश, दुनिया और प्रदेश में रहने वाले प्रत्येक उत्तर प्रदेशवासी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।

श्री शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश वह पावन भूमि है, जहां भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, बाबा विश्वनाथ सहित अनेक युग-प्रवर्तकों की भूमि है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का भ्रमण कर प्रसन्नता व्यक्त की और इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल राष्ट्र की चेतना और जागृति का केंद्र बनेगा। श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में निर्मित यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर कभी 65 एकड़ क्षेत्र में कूड़े का ढेर हुआ करता था, वहां आज एक भव्य और प्रेरणादायक स्थल तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' योजना को भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल किया गया था, जो आज पूरे देश में लागू हो चुकी है। यहां प्रदेश के सभी जिलों के व्यंजनों का मेला लगा है और उत्तर प्रदेश के व्यंजन विश्वभर में अपनी पहचान बना चुके हैं।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डकैती और लूट की घटनाओं में बड़ी कमी आई है। साथ ही कनेक्टिविटी में भी व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने हर कालखंड में देश को सुरक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित