चंडीगढ़ , अप्रैल 03 -- हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य के पहलवान 2036 ओलंपिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कुश्ती हरियाणा की पहचान रही है और इस खेल ने प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है।

पलवल में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कुश्ती के स्तर को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, आधुनिक ढांचा और वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। अब जरूरी है कि इन संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर परिणामों में सुधार लाया जाए।

उन्होंने कोचों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि केवल नियमित प्रशिक्षण देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन में स्पष्ट सुधार सुनिश्चित करना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को हर संभव सहयोग दे रही है, ऐसे में बेहतर प्रदर्शन देना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि समर्पण और स्पष्ट लक्ष्य के साथ हरियाणा के पहलवान अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित