औरैया , दिसम्बर 30 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया है। कानपुर देहात जाते समय ककोर (औरैया) पहुंचने पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस मौके पर ककोर स्थित डॉ. जसवंत सिंह धनगर और डॉ. कप्तान सिंह के क्लीनिक पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रदेश में खुशहाली लाने का एकमात्र रास्ता समाजवादी सरकार की बहाली है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी मतभेद भुलाकर संगठित होकर काम करने की अपील की। शिवपाल यादव ने कहा कि अभी से बूथ स्तर पर जुट जाएं ताकि 2027 में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बन सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि सपा सरकार में ही समाज के हर वर्ग का भला संभव है, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार से हर वर्ग त्रस्त और दुखी है।
कार्यक्रम में डॉ. कप्तान सिंह पाल ने शिवपाल सिंह यादव का माल्यार्पण किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सड़क मार्ग से गुजरते समय कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहाँ गगनभेदी नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित