लखनऊ , फरवरी 18 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुये एक बार फिर साफ किया कि उनकी पार्टी 2027 का चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी।

सुश्री मायावती ने गुरुवार को कहा कि कुछ राजनीतिक दल और मीडिया के कुछ वर्ग जानबूझकर यह भ्रम फैला रहे हैं कि बसपा किसी गठबंधन की तैयारी में है। उन्होंने इसे पूरी तरह "फेक न्यूज" बताते हुए कहा कि इस प्रकार की खबरें जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से चलाई जा रही हैं।

उन्होंने याद दिलाया कि नौ अक्टूबर को पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सार्वजनिक रूप से ऐलान किया था कि बसपा आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। इसके बावजूद गठबंधन की चर्चा को उन्होंने विरोधियों की साजिश करार दिया।

मायावती ने कांग्रेस, सपा और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों की सोच संकीर्ण है और वे परमपूज्य भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों के अनुरूप राजनीति नहीं करते। उन्होंने कहा कि बीएसपी का मूल एजेंडा सामाजिक न्याय और बहुजन समाज के सशक्तिकरण पर आधारित है, जबकि अन्य दल केवल राजनीतिक स्वार्थ साधने में लगे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित