लखनऊ /अमेठी , दिसंबर 18 -- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अमेठी जिले में बनाए जा रहे स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। तिलोई तहसील में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह मेडिकल कॉलेज वर्ष 2026 में पूरी तरह कार्यरत हो जाएगा। इसके शुरू होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

वर्तमान में मेडिकल कॉलेज से संबद्ध 200 बेड वाले अस्पताल में ओपीडी और इनडोर सेवाएं संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार 31 जनवरी 2026 तक 300 बेड का नया अस्पताल और 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक हैंडओवर कर दिया जाएगा। इसके बाद अस्पताल में कुल 550 बेड की सुविधा उपलब्ध होगी। इसी अवधि में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी पूरा होने की संभावना है।

राज्य स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की 100 सीटें स्वीकृत हैं। इसके अलावा पैरामेडिकल के 11 डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें कुल 230 सीटें हैं। इन कोर्सों में एनेस्थीसिया, इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर, लैब टेक्नीशियन, ऑपरेशन थियेटर टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन जैसे विषय शामिल हैं।

वहीं आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीएससी नर्सिंग कोर्स में 60 सीटें शुरू करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही कुछ विभागों में डीएनबी कोर्स भी स्वीकृत किए गए हैं, जबकि अन्य कोर्सों के लिए निरीक्षण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित