मुंबई , दिसंबर 15 -- वर्ष 2025 में जहां कुछ वेब सीरीज़ के नए सीजंस ने नई ऊँचाइयां हासिल की, वहीं कुछ नए और दमदार वेब सीरीज़ ने दर्शकों और आलोचकों दोनों का ध्यान अपनी तरफ खींचा।

क्राइम, पॉलिटिक्स, फैमिली ड्रामा, कॉमेडी और एक्सपेरिमेंटल स्टोरीज़ से भरपूर हर तरह की कहानियों ने दर्शकों को बांधे रखा।

शाहरूख खान के पुत्र आर्यन खान निर्दशित द बैंड्स ऑफ़ बॉलीवुड ,बोल्ड, डार्क और एनर्जेटिक, यह सीरीज़ फिल्म इंडस्ट्री के चमकते ग्लैमर के पीछे छिपी सत्ता, महत्वाकांक्षा, संघर्ष और भावनात्मक हकीकतों को उजागर करती है। इस सीरीज में विशेष रूप से जहां लक्ष्या और राघव की जोड़ी दमदार है, वहीं बॉबी देओल अपनी स्क्रीन प्रेज़ेंस से छा जाते हैं। इसके अलावा शो में शाहरुख़ खान की विशेष उपस्थिति दर्शकों के लिए सबसे बड़ा सरप्राइज है। यदि इसे वर्ष 2025 की सबसे बोल्ड और एक्सपेरिमेंटल ओटीटी सीरीज़ कहें तो गलत नहीं होगा।

ओटीटी प्लेटफॉर्म का सबसे चहेता वेब सीरीज द फैमिली मैन 3 और भी बड़े स्केल और गहरी जटिलताओं के साथ लौटा और दर्शकों के बीच एक बार फिर छा गया। विशेष रूप से श्रीकांत तिवारी के रूप में मनोज बाजपेयी इस बार भी हास्य, तनाव और भावनात्मक संघर्ष को बेहतरीन संतुलन के साथ निभाते नज़र आए, यही वजह है कि रिलीज़ के साथ ही यह सीज़न चार्ट टॉपर बन गया।

महिलाओं द्वारा संचालित क्राइम थ्रिलर डब्बा कार्टल पाँच गृहिणियों की कहानी है, जो मुंबई की प्रसिद्ध 'डब्बा सिस्टम' के ज़रिए एक सीक्रेट क्राइम नेटवर्क चलाती हैं। स्टाइलिश, स्मार्ट और पूरी तरह से फ्रेश सीरीज़ डब्बा कार्टल वर्ष 2025 की सबसे चर्चित नई सीरीज है।

राणा नायडू के इस दूसरे सीज़न में पहले सीज़न की अपेक्षा कहानी और भी हिंसक, भावनात्मक और जटिल हो जाती है। विशेष रूप से इस सीरीज़ में कृति खरबंदा का एक ग्रे और कांफ्लिक्टेड किरदार पूरे साल चर्चा में रहा, जो उनका डेब्यू वेब सीरीज़ था। इसके अलावा अपनी बेहतर राइटिंग और धारदार एक्शन के कारण यह वर्ष 2025 की सबसे लोकप्रिय सीरीज़ बन गई।

लीगल ड्रामा द ट्रायल 2 , कहानी और अपने ट्विस्ट एंड टर्न्स के कारण ज़्यादा दमदार, गंभीर और भावनात्मक है। विशेष रूप से प्रमुख किरदार निभा रहीं काजोल जहां दमदार अंदाज़ में हैं, वहीं कुब्रा सैत अपने मल्टी लेयर्ड किरदार में बेहद ख़ास लगी हैं। अगर यह कहें तो गलत नहीं होगा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म का ये सबसे मैच्योर और स्ट्रॉन्ग वेब सीरीज़ है।

एक सधी हुई, दमदार और रहस्यमयी क्राइम थ्रिलर के रूप में ब्लैक वारंट वर्ष 2025 का सरप्राइज हिट है। कोवर्ट मिशन, विश्वासघात और नैतिक संघर्ष से सजी कहानी दर्शकों को पूरी तरह पकड़ कर रखती है। इसके अलावा ज़हान कपूर का शांत लेकिन प्रभावशाली अभिनय भी दर्शकों ने खूब सराहा और इस तरह ब्लैक वारंट वर्ष 2025 का सबसे प्रभावशाली वेब सीरीज़ बन गया।

नाटकीय रूप से राजनीतिक गलियारों में सत्ता, स्कैंडल्स और भ्रष्टाचार के बीच घूमती रॉयल्स दर्शकों की पहली पसंद है। कहानी के अलावा ईशान और भूमि की फ्रेश जोड़ी ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, जिन्होंने अपने-अपने किरदारों को बेहद खूबसूरती से निभाया। इसे वर्ष 2025 की एक मजबूत और इम्पैक्टफुल नई सीरीज़ कहा जा सकता है।

नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित सीरीज दिल्ली क्राइम 3 में इस बार नई कहानियां, नई जांचें और गहरे भावनात्मक आयाम शामिल किए गए हैं, जो इसे ख़ास बनाती है। इसके अलावा हुमा कुरैशी की एंट्री शो में नई ऊर्जा और कसावट लाती है, जबकि शेफाली शाह हमेशा की तरह केंद्र में दमदार हैं। दिल्ली क्राइम के इस सीज़न ने इस फ्रेंचाइज़ी की सिग्नेचर रियलिज़्म को और विस्तार दिया।

महारानी सीजन 4 के ज़रिए हुमा कुरैशी एक बार फिर अपने सबसे मजबूत किरदारों में से एक के साथ लौटी हैं, जिसका उनके दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार था। इस सीज़न में वैचारिक टकराव, राजनीतिक उथल-पुथल और सत्ता की व्यक्तिगत कीमतों को पिछले सीजन के मुकाबले और गहराई से दिखाया गया है। यही वजह है कि यह सीरीज आज भी ओटीटी के टॉप पॉलिटिकल ड्रामाज़ में से एक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित