अहमदाबाद , अप्रैल 05 -- राजस्थान रायल्स (आरआर) गेंदबाज रवि बिश्नोई ने कहा कि 2025 के मुश्किल दौर के बाद मैंने अपनी लेंथ , फिजिकल, तकनीकी और मानसिक" पहलुओं पर बहुत काम किया।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ शनिवार रात जीत के बाद बिश्नोई ने प्लेयर ऑफ़ द मैच का ख़िताब लेने के बाद कहा, "पिछला सीजन मुश्किल था। लेकिन मैंने अपने प्रोसेस पर भरोसा रखा। मेरी एक कमजोरी थी कि अगर मेरी लेंथ ग़लत होती थी तो मुझे चौके और छक्के पड़ते थे। मैं उसी पर काम कर रहा था। मैंने पूरा घरेलू सीजन खेला और अपनी लेंथ को बेहतर किया। सही लेंथ पर गेंद डालने से बल्लेबाज़ों के लिए मुश्किल होती है। आज भी जब गेंद ज़्यादा फुल हुई तो मुझे मार पड़ी। मानसिक, तकनीकी और फिजिकल, मैंने तीनों पहलुओं पर काम किया है। ऑफ सीजन में और मैचों के बीच भी मैंने फिटनेस पर बहुत मेहनत की है।"कल मैच में बिश्नोई ने 11वें ओवर में साई सुदर्शन को आउट किया। फिर 13वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स और वॉशिंगटन सुंदर को पवेलियन भेजा। 15वें ओवर में उन्होंने राहुल तेवतिया का विकेट लेकर अपने स्पेल को पूरा किया। फिलिप्स को छोड़कर उनके बाक़ी सभी शिकार बाएं हाथ के बल्लेबाज थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित