अम्बिकापुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर के जिला कलेक्टर एवं सह अध्यक्ष भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा सरगुजा के निर्देशन में जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों को रक्त की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक वृहद स्वैच्छिक रक्तदान अभियान का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 17 मार्च से प्रारंभ होकर आठ मई तक चलेगा।

जिला पीआरओ से सोमवार मिली जानकारी के अनुसार,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा सरगुजा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न शासकीय, अशासकीय, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों के समन्वय से चरणबद्ध तरीके से स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और रक्त की कमी को दूर करना है।

आयोजन समिति ने बताया कि सभी रक्तदान शिविरों का आयोजन भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा सरगुजा के समन्वय से किया जाएगा। शिविरों में रक्त संग्रहण की व्यवस्था राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ब्लड सेंटर की चिकित्सकीय एवं तकनीकी टीम द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। यह टीम पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराएगी।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, सामाजिक संगठनों तथा अन्य संस्थानों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। रक्तदान को महादान बताते हुए आयोजकों ने बताया कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियां बचा सकता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा सरगुजा ने जिले के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और संस्थानों से इस स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपका एक रक्तदान किसी की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है, इसलिए अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ें और अभियान को सफल बनाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित