शामली , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में 81 लाख 29 हजार कुंतल गन्ना पेराई और 8 लाख 41 हजार कुंतल चीनी उत्पादन के साथ शहर स्थित अपर दोआब शुगर मिल का पेराई सत्र समाप्त हो गया। शुक्रवार रात मिल प्रशासन ने सत्र समाप्ति की घोषणा करते हुए किसानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

त्रिवेणी ग्रुप की अपर दोआब शुगर मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) सतीश बालियान ने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 का समापन 17 अप्रैल की रात हुआ। उन्होंने कहा कि किसानों ने अपना समस्त पेराई योग्य गन्ना मिल को उपलब्ध करा दिया है।

उन्होंने बताया कि शामली चीनी मिल का पेराई सत्र 3 नवंबर 2025 को शुरू हुआ था और 17 अप्रैल 2026 तक कुल 166 दिन चला। इस दौरान मिल में 81 लाख 29 हजार कुंतल गन्ने की पेराई की गई तथा 8 लाख 41 हजार कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ। यह पिछले सत्र की तुलना में 4 लाख 55 हजार कुंतल कम गन्ना पेराई है।

महाप्रबंधक ने बताया कि उत्पादन में कमी का मुख्य कारण गन्ना फसल में चोटी बेधक, स्केल कीट तथा सफेद मक्खी का प्रकोप रहा। उन्होंने कहा कि पेराई सत्र के दौरान टरबाइन में तकनीकी समस्या आने से मिल कुछ समय कम क्षमता पर भी चली, लेकिन विषम परिस्थितियों में भी किसानों ने सहयोग बनाए रखा और अपना गन्ना मिल को ही आपूर्ति किया।

उन्होंने किसानों, सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, ड्राइवरों, ट्रांसपोर्टरों, ठेकेदारों तथा चीनी मिल कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित