प्रयागराज , मार्च 10 -- अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण रसोई गैस की आपूर्ति पर दबाव को देखते हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में बदलाव किया गया है। अब उपभोक्ता 15 दिन के बजाय 25 दिन बाद ही दूसरे सिलेंडर की बुकिंग करा सकेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण गैस की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिससे कुछ क्षेत्रों में कमी महसूस की जा रही है। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा है कि गैस आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) विजय शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार के पांच मार्च के आदेश के अनुसार जिले के सभी अस्पतालों और प्राथमिक विद्यालयों में 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यक सेवाओं में गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी। यदि कहीं सिलेंडर की कालाबाजारी या दुरुपयोग की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी सुनील सिंह ने बताया कि 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य है और इसे बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की।
प्रशासन ने रसोई गैस की आपूर्ति और निगरानी के लिए तीन क्विक रिस्पॉन्स टीमों का गठन किया है। प्रत्येक टीम में सेल्स ऑफिसर, बाट-माप विभाग और सप्लाई विभाग के अधिकारी शामिल हैं। कुल 18 अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों के अनुसार ये टीमें बाजार और गैस एजेंसियों पर नजर रखेंगी। यदि किसी व्यावसायिक प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित