लखनऊ , अप्रैल 09 -- राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) आगामी 14 अप्रैल को डॉ. बी. आर. अंबेडकर जयंती पर पूरे उत्तर प्रदेश में "सामाजिक समरसता दिवस" के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। पार्टी की तरफ से इस दिन को समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी की गई है।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यकर्ता उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक जयंती नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने सभी जिला, क्षेत्रीय और महानगर अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि जिला मुख्यालय, तहसील और ब्लॉक स्तर तक कार्यक्रम सुनिश्चित किए जाएं। इनमें जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित