सुपौल , मई 05 -- बिहार के सुपौल जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसससबी) ने 133 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसबी 45वीं वाहिनी के समादेष्टा गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि सीमा चौकी नरपतपट्टी के जिम्मेवारी क्षेत्र अंतर्गत सीमा स्तम्भ संख्या 212 कोशी नदी पलार दुबीयाही नहर स्पर संख्या 530 से लगभग 1.5 किलोमीटर भारत के तरफ से मादक पदार्थ की तस्करी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाई करते हुए उप समादेष्टा (प्रचालन) सुमन सौरभ के निगरानी में सीमा चौकी नरपतपट्टी एवं स्थानीय पुलिस रतनपुरा के कार्मिकों द्वारा संयुक्त पेट्रोलिंग पार्टी का गठन किया गया तथा उक्त बताए गए स्थान पर भेजा गया। उक्त स्थान पर एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थिति में नदी किनारे पाया गया। पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति ने अपना नाम सुपौल जिले के रतनपुरा थाना क्षेत्र निवासी बेचन यादव बताया।
श्री सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने राजकुमार नेपाल और विजय मेहता सिमरी की संलिप्तता गांजा की तस्करी में होने के बारे में बताया। तलाशी के दौरान पलार के बालू में छिपाकर रखे बोरे मिले। जब इन बोरों को खोलकर देखा गया तो उनमें से सात बंडल मादक पदार्थ मारिजुआना (गांजा) बरामद हुआ, जिसका कुल वजन लगभग 133 किलोग्राम पाया गया। इसके साथ ही 02 मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ (गांजा) को अग्रिम कार्रवाई के लिये रतनपुरा थाना को सुपुर्द करने की कार्यवाही की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित