पटना , मार्च 25 -- भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2024 बैच के 12 परीक्ष्यमान प्रशिक्षु पदाधिकारियों ने पंचायती राज विभाग में विभागीय संरचना एवं कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया।
विभाग के सचिव मनोज कुमार ने प्रशिक्षु पदाधिकारियों को विभागीय पदाधिकारियों से परिचित करवाया। उन्होंने विभागीय संरचना, प्रशाखावार आवंटित कार्य, विभाग की ओर से क्रियान्वित योजनाएं यथा पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना, 15वीं वित्त आयोग, छठें राज्य वित्त आयोग, ग्राम कचहरी इत्यादि से संबंधित जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रदान की।
सचिव ने क्षेत्र में उप- विकास आयुक्त के पद पर कार्य करने के दौरान आने वाली चुनौतियों से संबंधित जानकारी भी प्रशिक्षु पदाधिकारियों को दी और क्षेत्र में सकारात्मक सोंच के साथ त्रि- स्तरीय पंचायती राज संस्थान के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर जनहित में कार्य करने की सलाह दी। साथ ही बिहार पंचायती राज अधिनियम - 2006 के प्रासंगिक प्रावधानों यथा निर्वाचन इत्यादि को गंभीरतापूर्वक समझने के लिए कहा।
सचिव ने प्रशिक्षु पदाधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देकर उनके संशय को दूर किया और अग्रिम भविष्य की शुभकामनाएं दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित