अजमेर , फरवरी 06 -- राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सैद्धांतिक परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है।
बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को बताया कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या अपेक्षा से अधिक होने के कारण तीन विषयों की परीक्षाओं का समय अब शाम की पारी में किया गया है। 17 फरवरी को 140 विद्यालयों और 24 फरवरी को 450 से अधिक विद्यालयों में क्षमता से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत पाए गए। इस स्थिति को देखते हुए समय परिवर्तन का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार कंप्यूटर विज्ञान कोड तीन एवं इनफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेस कोड चार की परीक्षा जो 17 फरवरी को सुबह साढ़े आठ से 11 बजकर 45 मिनट तक निर्धारित थी, अब उसी दिन दोपहर दो बजे से सांय सवा पांच बजे तक आयोजित की जाएगी।
श्री राठौड़ ने बताया कि चित्रकला कोड-17 की परीक्षा 24 फरवरी को सुबह की बजाए अब उसी दिन दोपहर दो बजे से सांय सवा पांच बजे तक संपन्न कराई जाएगी। माध्यमिक परीक्षा का कार्यक्रम यथावत रहेगा। उसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित