खरगोन , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की बलकवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खलटाका चौकी पुलिस ने वर्ष 1980 में सौ रुपये मूल्य के गेहूं चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को 45 साल बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सलीम पिता मुजीद, निवासी ग्राम बलखड़ के रूप में हुई है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बताया गया है कि बालसमुंद काकड़ क्षेत्र में वर्ष 1980 में आरोपी अपने छह साथियों के साथ खेत से गेहूं चोरी कर फरार हो गया था। उस समय आरोपी की उम्र लगभग 20 वर्ष थी, जबकि वर्तमान में उसकी उम्र करीब 65 वर्ष है। घटना के बाद आरोपी परिवार सहित क्षेत्र छोड़कर चला गया और लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
जांच में सामने आया कि आरोपी धार जिले के बाग कस्बे में रह रहा था और अपने पुत्र के साथ किराना दुकान का संचालन कर रहा था। खलटाका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि यह मामला न्यायालय में लंबे समय से लंबित था और आरोपी के खिलाफ वारंट जारी था।
हाल ही में इसी प्रकरण के एक अन्य आरोपी सलीम पिता मोहम्मद की तलाश के दौरान पुलिस उसके घर पहुंची, जहां उसके निधन की जानकारी मिली। मृत्यु प्रमाण पत्र के सत्यापन के दौरान परिजनों से पूछताछ में सलीम पिता मुजीद के बाग में रहने की जानकारी प्राप्त हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित