पटना , मार्च 06 -- राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) की राष्ट्रीय और राज्य कार्यकारिणी की बैठक 09 मार्च को होगी।

रालोजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता ललन कुमार चन्द्रवंशी ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की अध्यक्षता और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रिंस राज पासवान की उपस्थिति में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश कार्यालय में 09 मार्च को होगी। बैठक में पार्टी के संगठन की मजबूती को देखते हुए बदलावों को लेकर अहम फैसले लिये जा सकते हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी को मजबूती, एकजुटता, स्पष्ट निर्णय के लिए राज्य कार्यकारिणी तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक साथ बैठक बुलाई गई है।बैठक में पार्टी की मजबूती के विषय पर आये हुए नेताओं से विचार विमर्श किया जाएगा तथा पार्टी हित के लिए देशभर से आये हुए प्रतिनिधियों का सुझाव और मार्गदर्शन लिया जायेगा।

श्री चन्द्रवंशी ने बताया कि पार्टी हित को देखते हुए संगठन में फेर बदल भी किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि देश के राष्ट्रीय पदाधिकारीगण एवं विभिन्न राज्य के अध्यक्षगण और कार्यकारिणी सदस्यगण बृहत पैमाने पर भाग लेंगे। बैठक में पूरे देश एवं राज्यभर से रालोजपा एवं दलित सेना के प्रदेश अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों, प्रखण्ड अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी तथा दलित सेना के कार्यकर्ता पटना के पार्टी कार्यालय में पहुंचेगें। इस दौरान अन्य दलों के कुछ नये कार्यकर्ता भी रालोजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित