तिरुवनंतपुरम , फरवरी 18 -- केरल पुलिस ने पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों की सुरक्षा पक्की करने के लिए शुरू किए गए तीन दिवसीय राज्यव्यापी विशेष अभियान ''ऑपरेशन राउंड अप'' के दौरान 1,663 लोगों को गिरफ्तार किया।

हिरासत में लिए गए लोगों में से 691 गंभीर अपराधों में शामिल थे, जबकि 972 अलग-अलग मामलों में फरार थे।

यह अभियान राज्य पुलिस प्रमुख रावड़ा ए चंद्रशेखर के निर्देश पर चलाया गया था, जिसका उद्देश्य आदतन अपराधियों, गुंडों, गंभीर अपराधों में बार-बार अपराध करने वालों, चोरों और दूसरे वांछित लोगों को पकड़ कर उन्हें कानून के सामने लाना था।

यह विशेष अभियान 12 से 14 फरवरी तक अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) कानून एवं व्यवस्था , एच वेंकटेश की देखरेख में चलाया गया था।

इस पहल के तहत, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 129 के तहत 1,028 लोगों के खिलाफ रोकथाम की कार्रवाई शुरू की गई।

केरल एंटी-सोशल एक्टिविटीज़ (प्रिवेंशन) एक्ट (केएएपीए) के तहत, 20 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 30 अन्य के खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई शुरू की गई।

अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई में शराब पीकर गाड़ी चलाने के 1,354 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द करने के लिए भी कार्रवाई शुरू की गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित