नयी दिल्ली , दिसंबर 17 -- युवा कांग्रेस ने बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर 'स्वच्छ हवा, मेरा अधिकार'विषय पर बुधवार को यहां पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में सम्मेलन का आयोजन किया जिसमें सरकार से इस संकट के समाधान के लिए जरूरी उपाय करने का आग्रह किया गया।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरुण पांडे ने सम्मेलन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन को युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभानु चिब, युवा कांग्रेस प्रभारी मनीष शर्मा तथा संगठन के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सहित कई प्रमुख लोगों ने संबोधित किया। सम्मेलन में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, लोकसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, पर्यावरण के विशेषज्ञ डॉ. अजीत अहलावत, डॉ. सना रहमान, श्रीमती नीलम अहलूवालिया, श्रीमती मानसी वर्मा, श्री सुनील दहिया, कई पर्यावरण के जानकार, विशेषज्ञ और कई एक्टिविस्ट व दिल्ली के नागरिक गण उपस्थित थे।

इस दौरान वायु प्रदूषण के बढ़ते खतरों तथा उसके सामाजिक-स्वास्थ्य प्रभावों पर पड़ने वाले असर को लेकर व्यापक चर्चा की गयी और "स्वच्छ हवा, मेरा अधिकार" पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित