रामनगर , फरवरी 03 -- उत्तराखंड में रामनगर-हल्द्वानी राज्यमार्ग पर कोसी बैराज के समीप एक बार फिर वही चर्चित "सेल्फी वाला सांभर" लोगों के आकर्षण और चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यह सांभर हिरण इन दिनों लगातार सड़क किनारे और आबादी के बेहद पास देखा जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सांभर न तो तेज रफ्तार वाहनों से डरता है और न ही आसपास मौजूद लोगों से।
स्थानीय निवासी रोहित का कहना है कि यह सांभर सुबह होते ही सड़क किनारे खड़ा नजर आता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की भीड़ लग जाती है। उन्होंने कहा कि सांभर अब पूरी तरह से यहां के माहौल में घुल-मिल गया है। लोग इसके साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आते हैं, हालांकि यह स्थिति कभी भी खतरनाक साबित हो सकती है।
रोहित के अनुसार वन विभाग पहले भी इस सांभर को पकड़कर घने जंगल और आबादी से दूर सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ चुका है लेकिन इसके बावजूद यह कई किलोमीटर का सफर तय कर फिर से उसी जगह लौट आता है।
बताया जा रहा है कि सांभर इस इलाके को बिल्कुल नहीं भूल पा रहा है। कोसी बैराज के आसपास का वातावरण, पानी और हरियाली शायद इसे बार-बार अपनी ओर खींच रही है। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी जंगली जानवर का बार-बार आबादी में लौटना भविष्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष को जन्म दे सकता है।
राज्यमार्ग पर सांभर की मौजूदगी से सड़क दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। अचानक सामने आ जाने से वाहन चालकों को ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। वहीं, वन विभाग के सामने भी यह एक बड़ी चुनौती है कि सांभर को किस तरह स्थायी रूप से सुरक्षित वन क्षेत्र में रखा जाए, ताकि न तो जानवर को नुकसान हो और न ही लोगों की जान जोखिम में पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित