पटना , अप्रैल 15 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा एवं मीडिया पैनलिस्ट किशोर कुणाल ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 'सात निश्चय' के तहत संकल्पों को पूरा कर समृद्ध बिहार बनाएंगे।
श्रीमती अंजुम आरा और श्री कुणाल ने संयुक्त बयान जारी कर सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि श्री चौधरी अपने अनुभव, ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ राज्य के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने जिस प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है, वह बिहार के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
जदयू नेताओ ने कहा कि श्री कुमार द्वारा प्रारंभ किए गए 'सात निश्चय' कार्यक्रम ने राज्य के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण परिवर्तन लाए हैं। उन्होंने आशा जताते हुए कहा कि नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन योजनाओं को न केवल पूर्ण करेंगे, बल्कि उन्हें और अधिक प्रभावी बनाकर राज्य के हर वर्ग तक उनका लाभ पहुंचाएंगे।उन्होंने कहा कि श्री कुमार के पूर्व में शुरु किए गए विकास कामों के दम पर ही बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि श्री चौधरी के मार्गदर्शन में बिहार विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित