रायपुर , दिसंबर 15 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन 'विजन 2047' पर हुई विशेष चर्चा से विपक्षी दल कांग्रेस के अनुपस्थित रहने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को नाराज़गी व्यक्त की।

उन्होंने आज विधानसभा में कहा कि राज्य के भविष्य से जुड़े विषय पर चर्चा में विपक्ष की भागीदारी अपेक्षित थी लेकिन कांग्रेस का दूर रहना उसकी गंभीरता पर सवाल खड़े करता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सही-गलत हर पहलू पर संवाद होना चाहिए ताकि छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा तय की जा सके।

उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहे नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन ने पूर्व में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके विचारों की स्पष्टता और निर्णयों पर दृढ़ता पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन के किसी साथी को बड़ा दायित्व मिलने से पूरे कार्यकर्ता वर्ग का आत्मविश्वास बढ़ता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित