नयी दिल्ल्ली , जनवरी 19 -- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'विकसित भारत- जी राम जी' को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया है कि वे इस मामले में गलत बोलकर भ्रम फैला रहे हैं लेकिन सच को ज्यादा देर तक छिपाया नहीं जा सकता है।
श्री चौहान ने सोमवार को यहां पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के समय मनरेगा सिर्फ कागजों तक सीमित था। मनरेगा को लेकर उस समय जो माहौल था उससे गरीब परेशान थे और मजदूर काम मांगता था तो और अगर किसी कारण काम नहीं कर पाया तो उसे बेरोजगारी भत्ता नहीं मिलता। मजदूर विरोधी इस व्यवस्था को मोदी सरकार ने नये कानून से हटा दिया है। उनका कहना था कि उनकी सरकार में जिस तरह का माहौल था और जिस तरह के काम कांग्रेस सरकार में हुए हैं उससे साफ है कि कांग्रेस ने अपनी सोच, विचारधारा और आदर्श को छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपना मूल चरित्र ही छोड़ दिया है। पार्टी पहले राष्ट्र प्रथम और गरीब कल्याण की बात करती थी लेकिन अब उसके लिए न राष्ट्र प्राथमिकता में है और ना ही गरीब। उन्होंने आरोप लगाया कि 1971 में 'गरीबी हटाओ' का नारा देने वाली कांग्रेस ने गरीबों को ही हाशिए पर धकेल दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित