नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- राजधानी दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में विदेश में बने एक रोबाेटिक कुत्ते काे अपना नवाचारी उत्पाद बनाकर पेश करने वाली गलगोटिया यूनिवर्सिटी को आयोजन स्थल से बाहर कर दिया गया है। इस मामले को लेकर यूनिवर्सिटी को काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है और वह बड़े विवाद में फंस गई है।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने प्रदर्शनी में ओरियन नाम का 'रोबोट कुत्ता' प्रदर्शित किया और जोर शोर से दावा किया कि यह उनका खुद का नवाचार उत्पाद है तथा इस पर अरबों रुपये खर्च किये गये हैं। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पहचान लिया कि यह एक चीनी कंपनी का बना हुआ उत्पाद है। वास्तव में यह रोबोट यूनिट्री कंपनी का यूनिट्री गो2 था जिसे चीन की रोबोटिक्स फर्म यूनिट्री ने बनाया है।

चीन में बने रोबोटिक कुत्ते को दिखाने को लेकर उठे विवाद के मद्देनजर गलगोटिया विश्वविद्यालय को इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एक्सपो में अपने स्टाल को खाली करने के लिए कहा गया है।

इस पूरे घटनाक्रम और रोबोट की प्रदर्शनी को लेकर उठे विवाद पर विश्वविद्यालय ने आयोजकों को बुधवार को औपचारिक पत्र भेजते हुए खेद जताया।

इसमें आयोजकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए विश्वविद्यालय ने पवेलियन खाली करने की जानकारी भी दी है। पत्र के माध्यम से विश्वविद्यालय ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए क्षमा याचना करते हुए भविष्य में ऐसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने का आश्वासन दिया है।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि एआई शिखर सम्मेलन के दौरान पवेलियन में मौजूद उनकी एक प्रतिनिधि को उत्पाद की तकनीकी जानकारी नहीं थी। कैमरे के सामने आने के उत्साह में उन्होंने अनजाने में गलत जानकारी साझा कर दी, जबकि उन्हें प्रेस से बातचीत करने का कोई अधिकार नहीं था। पत्र में स्पष्ट किया गया कि इस नवाचार को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का विश्वविद्यालय का कोई संस्थागत इरादा नहीं था। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक निष्ठा, पारदर्शिता और अपने कार्य के जिम्मेदार प्रतिनिधित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

यह मामला एआई समिट में तकनीकी प्रदर्शनों की विश्वसनीयता और प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। चीन में बने रोबोट पर बढते विवाद को देखते हुए विश्वविद्यालय की ओर से सफाई जारी की गयी जिसमें कहा गया कि न तो संकाय और न ही छात्रों ने रोबोटिक कुत्ता बनाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि यह डिवाइस चीन की ग्लोबल रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री से सिर्फ अकादमिक मकसद के लिए खरीदा गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित