वाशिंगटन , मार्च 16 -- अमेरिका वीजा नियमों को सख्त करने के बावजूद रूसी नागरिकों को ग्रीन कार्ड लॉटरी से बाहर नहीं रखेगा।
अमेरिकी अधिवक्ता एलिज़ाबेथ क्रुकोवा ने रूस न्यूज एजेंसी रिया नोवोस्ती से साक्षात्कार में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारी आवेदकों के लिए सामान्य नियमों को सख्त करने के बावजूद रूसी नागरिकों को ग्रीन कार्ड लॉटरी से बाहर नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "जहां तक इस बात का सवाल है कि किन देशों के नागरिकों को इसमें हिस्सा लेने से बाहर किया जा सकता है, तो ऐतिहासिक रूप से यह इस बात पर निर्भर करता रहा है कि किसी खास देश या क्षेत्र से पहले से ही कितने प्रवासी आ रहे हैं। जब तक डेटा यह न दिखाए कि बहुत ज़्यादा संख्या में रूसी नागरिक प्रवास कर रहे हैं, तब तक मुझे रूसियों को इसमें हिस्सा लेने से बाहर करने का कोई आधार नज़र नहीं आता।"उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार द्वारा ग्रीन कार्ड लॉटरी के लिए लागू किए गए नये नियम, आवेदकों के लिए और भी सख्त शर्तों का संकेत देते हैं। गौरतलब है कि अमेरिका के विदेश विभाग ने बुधवार को 'डायवर्सिटी वीज़ा प्रोग्राम' के लिए नये नियमों की घोषणा की, जिसे आमतौर पर ग्रीन कार्ड लॉटरी के नाम से जाना जाता है। दस अप्रैल, 2026 से लागू होने वाले इन नियमों के तहत सभी आवेदकों को अपना वैध और जिसकी समय सीमा समाप्त न हुई हो, ऐसा पासपोर्ट विवरण देना होगा। इसके साथ ही उन्हें अपने आवेदन के साथ अपने पासपोर्ट के बायोमेट्रिक और हस्ताक्षर वाले पृष्ठों की स्कैन की हुई कॉपी भी अपलोड करनी होगी।उन्हें एक डॉलर का आवेदन शुल्क भी देना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित