ईरान , जनवरी 14 -- राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के लिये अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराने के बाद ईरान एक बंद आंतरिक इंटरनेट नेटवर्क बनाने की योजना बना रहा है, जहां केवल सीमित संख्या में घरेलू वेबसाइटें ही चलायी जा सकेंगी। द गार्जियन अखबार ने ईरानी डिजिटल अधिकार विशेषज्ञ अमीर रशीदी के हवाले से बुधवार को यह जानकारी दी।
नेटब्लॉक्स इंटरनेट मॉनिटरिंग सेवा ने आठ जनवरी को कहा था कि मौजूदा विरोध प्रदर्शनों की शुरुआत के बाद से ईरान में पहली बार देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया कि ईरान की सरकारी प्रसारण कंपनी ने पहले उन वेबसाइटों की एक सूची प्रकाशित की थी जो ईरान में चलायी जा सकेंगी। इसमें घरेलू सर्च इंजन, नेविगेशन सेवाएं, मैसेजिंग ऐप और यहां तक कि अमेरिका के नेटफ्लिक्स जैसी एक मालिकाना स्ट्रीमिंग सेवा भी शामिल है।
श्री रशीदी ने कहा कि ये सभी वेबसाइट एक राष्ट्रीय इंटरनेट सेवा बनाने के ईरान के प्रयास का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि वेब का यह "ढांचा" स्वरूप चीन की तुलना में भी काफी अधिक प्रतिबंधित है। यह सरकार द्वारा नियंत्रित और काफी हद तक बाहरी दुनिया से कटा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित