चंडीगढ़ , मार्च 06 -- पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के बजट सत्र को संबोधित करते हुए, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बुनियादी ढांचे, शासन, कल्याण, उद्योग और सार्वजनिक सेवाओं में सरकार द्वारा की गयी पहलों का व्यापक विवरण प्रस्तुत किया।
सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि पंजाब में 23 जिला अस्पताल, 42 उप-मंडल अस्पताल, 162 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 523 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 881 आम आदमी क्लीनिक और 2453 स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र संचालित हैं। उन्होने कहा कि 881 क्लीनिकों में 107 दवायें और 47 टेस्ट मुफ्त दिये जा रहे हैं। अब तक 4.7 करोड़ ओपीडी विजिट दर्ज की गयी हैं। जल्द ही 240 और नये क्लीनिक शुरू होंगे।
मातृ स्वास्थ्य: आम आदमी क्लीनिकों में गर्भावस्था देखभाल सेवाओं के कारण मातृ मृत्यु अनुपात (एमएमआर) 105 से गिरकर 90 हो गया है।
डॉक्टरों की भर्ती के संबंध में राज्यपाल ने कहा कि 2022 से अब तक 934 डॉक्टरों की भर्ती की गयी है, जो कुल कार्यरत डॉक्टरों का लगभग 25 प्रतिशत है। साथ ही 400 विशेषज्ञों और 900 नर्सों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके तहत पूरी आबादी को 10 लाख रुपये प्रति परिवार प्रति वर्ष का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। हर पंजाबी को 'सेहत कार्ड' दिया जाएगा। सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए 'फरिश्ते योजना' के तहत मददगारों को 2,000 रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। एसएसएफ ने फरवरी 2024 से अब तक 47,000 से अधिक लोगों की मदद की है।
राज्यपाल ने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य है जो 'मुख्यमंत्री पंजाब कैंसर राहत कोष' के तहत कैशलेस इलाज दे रहा है। अब तक 74,000 मरीजों को 957 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज में दिसंबर 2025 में पहला लिवर ट्रांसप्लांट सफल रहा। मई 2026 से पटियाला और अमृतसर मेडिकल कॉलेजों में किडनी ट्रांसप्लांट भी शुरू होगा।
शिक्षा क्रांति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अप्रैल 2022 से 13,765 शिक्षकों की भर्ती हुई है। प्रिंसिपलों को सिंगापुर, हेडमास्टरों को आइआइएम अहमदाबाद और शिक्षकों को फिनलैंड प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। 118 स्कूलों को 'स्कूल्स ऑफ एमिनेंस' में बदला जा रहा है। 4,557 करोड़ रुपये की लागत से 2,600 किमी नहरों की लाइनिंग की गयी, जिससे 1,365 स्थानों पर पहली बार पानी पहुंचा। गन्ना किसानों को देश में सबसे अधिक 416 रुपये प्रति क्विंटल का भाव दिया जा रहा है। कृषि क्षेत्र को मुफ्त बिजली देने के लिए 9,992 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं।
श्री कटारिया ने कहा कि पंजाब मंडी बोर्ड 12,597 करोड़ रुपये की लागत से 40,103 किमी लिंक रोड का नवीनीकरण कर रहा है। मार्च 2022 से अब तक 1,50,817 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 5.31 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। आदमपुर में 140 करोड़ रुपये का नया टर्मिनल तैयार है और हलवारा में शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाया जा रहा है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच विजिलेंस ब्यूरो ने 135 ट्रैप केस दर्ज किये। 'ईजी जमाबंदी' और 'ईजी रजिस्ट्री' जैसी सेवाओं से राजस्व विभाग को पारदर्शी बनाया गया है। घर-घर सेवाएं अब 412 सेवाओं तक विस्तारित हो गयी हैं।
श्री कटारिया ने कहा कि 40 लाख परिवारों को मुफ्त गेहूं के साथ अब हर तिमाही दो किलोग्राम दाल, दो किलोग्राम चीनी, एक किलोग्राम नमक, एक लीटर तेल और 200 ग्राम हल्दी भी दी जाएगी। जुलाई 2022 से घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है, जिससे 90 प्रतिशत घरों का बिल शून्य आता है। अपनी कोयला खान से कोयला मिलने के कारण बिजली उत्पादन में 380 करोड़ रुपये की बचत हुई है।
राज्यपाल ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि पंजाब सरकार पारदर्शी शासन, समावेशी विकास और जन कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है ताकि 'रंगला पंजाब' के सपने को हकीकत में बदला जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित