दंतेवाड़ा , मार्च 14 -- त्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से "मन की शक्ति, बस्तर की प्रगति" पहल के अंतर्गत "आमचो बस्तर निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र" संचालित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से समुदाय के लोगों को निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याओं पर विशेषज्ञ से चर्चा कर सकें।

जिला पीआरओ से आज मिली जानकारी के अनुसार,यह केंद्र शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा के मनोविज्ञान विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। यहां डॉ. दिनेश कुमार लहरी, सहायक प्राध्यापक (मनोविज्ञान) द्वारा लोगों को विभिन्न मानसिक और भावनात्मक समस्याओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।

परामर्श के माध्यम से तनाव और चिंता, दैनिक जीवन या शैक्षणिक दबाव से उत्पन्न समस्याएं, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए विशेषज्ञ सलाह दी जाती है। विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के व्यक्तित्व विकास तथा मानसिक सुदृढ़ता के लिए यह पहल उपयोगी सिद्ध हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित