भोपाल , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम देश को एकजुट कर सकारात्मक संदेश देने का एक अद्भुत प्रयास है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर प्रवास के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में 'मन की बात' के 132वें संस्करण का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री का देशवासियों से सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है, जो सभी को जोड़ने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' के माध्यम से देश में हो रहे विकास, नवाचार और जनकल्याण के कार्यों के साथ गैर-राजनीतिक विषयों को सामने लाकर समाज में सौहार्द्र, भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए देशवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार द्वारा जारी जानकारी पर ही विश्वास करें। उन्होंने कहा कि देश की एकता और 140 करोड़ नागरिकों की शक्ति से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने 'मन की बात' कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित