भोपाल , फरवरी 22 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम देश और देशवासियों की उपलब्धियों को सामने लाने का एक प्रभावी प्लेटफार्म है। यह संवाद देशहित और सबके विकास के लिए जनसामान्य को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन स्थित स्टेडियम में दिव्यांग खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ 'मन की बात' कार्यक्रम का श्रवण करने के बाद मीडिया से चर्चा में यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मैदानी स्तर पर होने वाली सूक्ष्म गतिविधियों पर भी ध्यान देते हैं और उन्हें देशवासियों से साझा करते हैं। किसानों के नवाचार से लेकर अंगदान जैसे प्रेरक प्रसंग समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'मन की बात' की विशेषता यह है कि इसमें राजनीतिक विषयों से परे रहकर सदैव राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न राज्यों और महान व्यक्तित्वों का उल्लेख देश की विविधता और समग्र विकास की सोच को दर्शाता है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री अन्नदाता, युवा, महिला और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों और जनकल्याणकारी पहलों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान देना सराहनीय है।
नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट-2026 के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें प्रदेश के कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की पहलों को प्रस्तुत किया गया है। एआई के माध्यम से प्रदेश और देश के विकास को गति देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, विधायक भगवान दास सबनानी, राहुल कोठारी एवं रविन्द्र यति उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित