पटना , फरवरी 06 -- बिहार के सहकारिता, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को कहा कि 'भारत टैक्सी' एक ओर जहां रोजगार के नए अवसरों का सृजन करेगी, वहीं दूसरी ओर सस्ती, पारदर्शी और सुलभ परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराकर आम उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाएगी।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सहकारिता विभाग ,केंद्र सरकार द्वारा सहकारिता मॉडल पर शुरू की गई 'भारत टैक्सी' योजना को देशवासियों के हित में एक गेम चेंजर पहल बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की यह पहल कई मायनों में महत्वपूर्ण है।
मंत्री डॉ कुमार ने कहा कि 'भारत टैक्सी' एक ओर जहां रोजगार के नए अवसरों का सृजन करेगी, वहीं दूसरी ओर सस्ती, पारदर्शी और सुलभ परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराकर आम उपभोक्ताओं की जेब को राहत पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उनकी सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जो इसे सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बनाती है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार आगामी दिनों में 'भारत टैक्सी' को अन्य राज्यों में भी लागू करेगी। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए तैयार मोबाइल एप्लीकेशन को आमजन तक पहुंचाने के लिये सरकार विभिन्न डिजिटल माध्यमों का सहारा लेगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सेवा से लाभान्वित हो सकें।उन्होंने कहा कि बिहार सरकार इस पहल का स्वागत करती है तथा शीघ्र ही बिहार में भी 'भारत टैक्सी' के नेटवर्क विस्तार की संभावनाओं पर विचार कर आवश्यक कदम उठाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित