जालंधर , दिसंबर 15 -- सुरजीत हॉकी सोसाइटी, जालंधर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की है कि जालंधर के ऐतिहासिक बर्लटन पार्क का नाम बदलकर पूर्व भारतीय कप्तान ओलंपियन सुरजीत सिंह के नाम पर रखा जाए।
सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इकबाल सिंह संधू (पीसीएस से सेवानिवृत्त) ने सोमवार को मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में उन्हें अपनी उस घोषणा की याद दिलाई जिसमें उन्होंने ब्रिटिश शासन की निशानियों को हटाने की बात कही थी। श्री संधू ने पत्र में लिखा कि इसी साल 12 जून को जब श्री मान और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यहां 78 करोड़ रुपये के 'बर्लटन पार्क स्पोर्ट्स हब' का आधारशिला रखी थी, तो उन्होंने साफ कर दिया था कि 'बर्लटन पार्क' का नाम एक ब्रिटिश अधिकारी के नाम पर रखा गया है, जो गुलामी की निशानी है। मुख्यमंत्री ने इच्छा जताई थी कि इसका नाम पंजाब के किसी महान खिलाड़ी के नाम पर रखा जाना चाहिए ताकि युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके।
श्री संधू ने कहा है कि दुनिया भर में मशहूर ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम और सुरजीत हॉकी एकेडमी बर्ल्टन पार्क में होने की वजह से इसे "हॉकी का मक्का" कहा जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित