पटना , मार्च 29 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने रविवार को कहा कि 'पान विकास योजना' राज्य के पान किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
श्री यादव ने आज राज्य के पान उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने और पारंपरिक पान उत्पादन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 'पान विकास योजना' के शुभारंभ की घोषणा की।
श्री यादव ने बताया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के अंतर्गत इस महत्वाकांक्षी योजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2026-27 तक दो वर्षों के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि बिहार अपने विशिष्ट पान स्वाद, विशेषकर मगही एवं देशी पान के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। इस योजना के माध्यम से इन पारंपरिक किस्मों के क्षेत्र विस्तार, वैज्ञानिक उत्पादन तथा किसानों की आय में वृद्धि पर विशेष बल दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित