मुंबई , अप्रैल 10 -- मुंबई की एक अदालत ने 'न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक' के 122 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में बैंक के पूर्व महाप्रबंधक और लेखा प्रमुख हितेश मेहता की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी।
सत्र न्यायाधीश विक्रम आर जगदाले ने अपने आदेश में कहा, "लंबे समय तक कारावास में रहना जमानत देने का आधार नहीं हो सकता, क्योंकि इस तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि आर्थिक अपराधों के मामलों में सुनवाई शुरू होने और समाप्त होने में समय लगता है, खासकर तब जब कई आरोपी और गवाह शामिल हों।"अदालत ने यह भी कहा कि आवेदक इस अपराध का मुख्य आरोपी है।
'न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) देबर्षि शिशिर कुमार घोष की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्लू) ने पिछले साल फरवरी में मेहता को गिरफ्तार किया था। अपनी जमानत याचिका में मेहता ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया और कहा कि वह लंबे समय से हिरासत में हैं, इसलिए वे जमानत के हकदार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित