रांची , अप्रैल 29 -- झारखंड के सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड एवं प्रभात खबर की संयुक्त पहल से समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने तथा जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 11 मार्च से संचालित "नवचेतना" नशा मुक्ति अभियान आज सीसीएल मुख्यालय स्थित संगम सभागार के गंगोत्री कॉन्वेंशन सेंटर में, इस नशा मुक्ति अभियान को लगातार चलाने के संकल्प के साथ, संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता, प्रभात खबर समूह के कार्यकारी निदेशक आर. के. दत्ता, उपाध्यक्ष विजय बहादूर सहित सीसीएल एवं प्रभात खबर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कोल इंडिया लिमिटेड के कॉरपोरेट गीत से हुई।
इस अभियान के अंतर्गत लगातार विभिन्न यूनिवर्सिटी, कॉलेज, संस्थान में संयुक्त टीम के द्वारा नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना, रांची के विभिन्न जगहों तथा शिक्षण संस्थानों में नवचेतना रथ के जरिए जागरूकता फैलाना, सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाने के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता के 20 प्रतिभागियों को आज सम्मानित किया गया। शीर्ष 10 प्रतिभागियों को Rs.5,000 नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य 10 प्रतिभागियों को उपहार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान "मुक्ति" नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, उसके पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणाम तथा इससे बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रभात खबर के कार्यकारी निदेशक आर. के. दत्ता ने सीसीएल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल ने समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी सीसीएल एवं प्रभात खबर ऐसे ही जनहित से जुड़े विषयों पर मिलकर कार्य करते रहेंगे और समाज को जागरूक करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे।
वहीं, उपरोक्त अवसर पर सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि परिवार किसी भी व्यक्ति के जीवन की आधारशिला होता है। यदि कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा हो, तो ऐसे समय में परिवार का साथ, समझ और सहयोग सबसे अधिक महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, सामाजिक जीवन और आर्थिक स्थिति पर दुष्प्रभाव डालता है, लेकिन परिवार के समर्थन और जागरूकता से इससे बाहर निकलना संभव है, जिससे व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज का भी भला होता है।
सीसीएल अपने सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में कोयला खनन के साथ-साथ सीएसआर, पर्यावरण कल्याण, खेल एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से श्रमिकों, ग्रामीणों एवं हितधारकों के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। साथ ही, समाज के उत्थान के लिए किए जाने वाले हर सकारात्मक प्रयास में सहभागिता हेतु पूर्णतः कृतसंकल्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित