बेंगलुरु , दिसंबर 20 -- केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता शोभा करंदलाजे ने शनिवार को प्रस्तावित नफरती भाषण और नफरती अपराध रोकथाम विधेयक को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार पर तीखा हमला बोला।

सुश्री करंदलाजे ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह विधेयक कार्यपालिका को न्यायिक शक्तियां हस्तांतरित करके विपक्ष, मीडिया और नागरिक समाज की आवाज को दबाने का जानबूझकर किया गया प्रयास है। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर वह इस विधेयक को रोकने के लिए राष्ट्रपति से संपर्क करेंगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस विधेयक का उद्देश्य सरकार के खिलाफ बोलने वालों की आवाज पर लगाम लगाना है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 200 के तहत राज्यपाल को पत्र लिखकर विधेयक को मंजूरी न देने का आग्रह किया है तथा कहा कि वह राज्यपाल से और जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति से भी मिलेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित