नयी दिल्ली , दिसंबर 30 -- प्रभास-स्टारर 'द राजासाब' के निर्माताओं ने फिल्म का दूसरा ट्रेलर जारी किया है। इसमें कहानी की और संजय दत्त के दिलचस्प किरदार की झलक दिखायी गयी है।
प्रभास की मुख्य भूमिका वाली फिल्म के ट्रेलर में संजय दत्त के साथ उनका टकराव दिखाया गया है, जिन्हें ऐसे खौफनाक खलनायक के रूप में चित्रित किया गया है, जिसमें सम्मोहन से डर पर काबू करने की क्षमता है।
फिल्म में प्रभास 'राजासाब' का किरदार निभा रहे हैं, जो अपनी दादी से गहराई से जुड़े हैं। राजासाब की दादी के किरदार में जरीना वहाब हैं।
ट्रेलर के अनुसार, राजासाब कुछ सवालों का उत्तर जानने के लिये एक सुनसान हवेली में जाता है, लेकिन खुद को ऐसी जगह फंसा पाता है, जहां दिमाग शरीर के खिलाफ काम करने लगता है। संजय दत्त का किरदार शांत लेकिन खतरनाक है। वह जोर-जबरदस्ती के बजाय सम्मोहन पर निर्भर है। ट्रेलर में बोमन ईरानी को रहस्यमयी मनोचिकित्सक, सम्मोहनकर्ता और पारलौकिक घटनाओं के अन्वेषक के रूप में भी दिखाया गया है, जो फिल्म के पारलौकिक तत्व को आधार देता है। मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल और रिद्धि कुमार कहानी में भावनात्मक गहराई जोड़ते हैं।
मारुति निर्देशित और टी जी विश्व प्रसाद की ओर से पीपल मीडिया फैक्ट्री बैनर के तहत निर्मित, 'द राजासाब' में प्रभास, संजय दत्त, बोमन ईरानी, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार और जरीना वहाब सहित कई कलाकार हैं। प्रभास ने नया ट्रेलर अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित