मुंबई, फरवरी 16 -- बॉलीवुड फिल्मकार संजय लीला भंसाली ने जब फिल्म 'दो दीवाने सहर में' की कहानी सुनी तो उन्हें उसी वक्त लग गया था कि यह एक ऐसी कहानी है जिसे पर्दे पर लाना ही चाहिए।

जी स्टूडियोज और भंसाली प्रोडक्शंस की फिल्म 'दो दीवाने सहर में' के टीज़र और गाने जब से आए हैं, तभी से यह फिल्म काफी चर्चा में है। टीम लगातार फिल्म के लीड कलाकार मृणाल ठाकुर और सिद्धान्त चतुर्वेदी के वीडियो शेयर कर रही है, जिसमें उनकी केमिस्ट्री देखते ही बनती है।

फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को अपनी असली पहचान तभी मिल गई थी जब लेखक अभिरुचि ने पहली बार भंसाली को यह कहानी सुनाई थी।

सूत्रों ने बताया , "जब अभिरुचि ने संजय लीला भंसाली को कहानी सुनाई, तो उन्हें तुरंत रोशनी और शशांक के किरदारों से एक गहरा जुड़ाव महसूस हुआ। उन्हें उसी वक्त लग गया था कि यह एक ऐसी कहानी है जिसे पर्दे पर लाना ही चाहिए। बस उसी पल से, इन दोनों किरदारों के लिए सही कलाकारों को चुनने का सफर अपने आप में एक बहुत ही यादगार प्रक्रिया बन गया।"अपनी ग्रैंड कहानियों और किरदारों की गहराई के लिए मशहूर, भंसाली ने कथित तौर पर काफी वक्त लगाया यह सुनिश्चित करने में कि रोशनी और शशांक के किरदारों के लिए ऐसे एक्टर्स चुने जाएं जो मृणाल और सिद्धांत की तरह मासूमियत और इंटेंसिटी (गहराई), दोनों को बखूबी पर्दे पर उतार सकें।

मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी का यह कास्टिंग का फैसला बहुत सोच-समझकर और बारीकी से लिया गया माना जा रहा है। फिल्म की शुरुआती झलकियां और वायरल हो रहे वीडियो में उनकी बॉन्डिंग ने पहले ही उनकी केमिस्ट्री और कहानी की गहराई को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।रवि उदयवर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 20 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित